संजय दत्त और मान्यता अपनी शादी की पहली सालगिरह को लेकर चर्चा में आये।
शादी के एक साल पूरा होने की खुशी में मुन्नाभाई ने पाली हिल में विशेष पार्टी का आयोजन किया। इसमें जानी-मानी हस्तियों ने शिरकत की।
संजय दत्त लखनऊ से समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार हैं लिहाजा शादी की सालगिरह के इस मौके पर समाजवादी पार्टी के अमर सिंह कैसे ना होते।
इनके अलावा अभिषेक बच्चन, शत्रुघ्न सिन्हा, सुनील शेट्टी समेत कई दूसरी हस्तियां भी समारोह में पहुंचीं।
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री विलास राव देशमुख के बेटे रितेश देशमुख भी समारोह में शरीक हुये। अभिनेत्रियों में आयशा टाकिया और विद्या बालन आकर्षण का केंद्र रहीं।
तमाम दिग्गजों के होने के बावजूद पार्टी में संजय दत्त की सांसद बहन प्रिया दत्त नदारद रहीं। साथ ही मान्यता भी मीडिया के सामने नहीं आईं। कुछ भी हो लेकिन मुन्ना भाई पार्टी में बेहद खुश नजर आये।