मंगलौर। मंगलौर पब पर हुए हमले के चंद ही दिनों बाद संदिग्ध भगवा समूहों के कार्यकताओं ने केरल के माकपा विधायक की पुत्री और उसके पुरूष मित्र को बस से बाहर घसीट लिया तथा उनका कथित तौर पर अपहरण करने के बाद उन्हें छोड़ दिया।
पुलिस ने बताया कि समीपवर्ती केरल के कासरगोड जिले में मंजेश्वर विधानसभा क्षेत्र के माकपा विधायक सी एच कुनहाम्बू की पुत्री और उसके पुरूष मित्र को कार्यकर्ता किसी अज्ञात स्थल पर ले गये और वह करीब एक घंटे तक बंधक बनाने के बाद उन्हें रिहा कर दिया गया।
पश्चिमी रेंज के आईजीपी ए एम प्रसाद ने बताया कि लड़की बस पर कासगोड से मंगलौर जा रही थी। कुछ लोग इस बस में यात्री के तौर पर चढ़े और इन दोनों को बस से उतारने के बाद एक आटोरिक्शा पर बैठाकर किसी अज्ञात स्थान पर ले गये।
लड़की ने बाद में अपने रिश्तेदारों को इस बारे में सूचित किया और वह कासरगोड वापस लौट गयी।
प्रसाद ने लड़की का नाम बताने से इंकार कर दिया लेकिन कहा कि वह मंजेश्वर के विधायक की पुत्री है।
पुलिस ने लड़की के पुरूष मित्र के नाम का भी खुलासा करने से इंकार कर दिया।