
|
नयी दिल्ली। भारत ने आज कहा कि संयुक्त राष्ट्र यह सुनिश्चित करे कि पाकिस्तान अपनी सरजमीं से फैल रहे आतंकवाद को खत्म करने की प्रतिबद्धता पूरी करे।
विदेश मंत्री प्रणव मुखर्जी ने कहा कि उन्होंने मुंबई हमलों के बारे में कल संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की मून को अवगत कराया जिसे पाकिस्तान स्थित तत्वों ने अंजाम दिया। उन्होंने वैश्विक वित्तीय संकट पर चल रहे सम्मेलन के दौरान संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि मैंने मुंबई हमले के परिप्रेक्ष्य में पाकिस्तान को मुहैया करायी गयी सामग्री के बारे में और विदेश मंत्रियों को पत्र भेजकर समूचे अंतर्राष्ट्रीय समुदाय के साथ साझा किये गये विचार पर विस्तृत चर्चा की बान के साथ।
मुखर्जी ने कहा मैंने संयुक्त राष्ट्र महासचिव से अनुरोध किया कि वह उन पहलुओं पर गौर करें और सुनिश्चित करें कि पाकिस्तान उस प्रतिबद्धता को पूरा करे जो वह कई बार भारत और अंतर्राष्ट्रीय समुदाय के समक्ष जता चुका है। मुखर्जी ने बान को बताया कि पिछले साल 26 नवम्बर को कैसे दस सशस्त्र पाकिस्तानी आतंकवादी कराची से समुद्री मार्ग होते हुए मुंबई आये और तीन दिन तक आतंक का कोहराम मचाये रखा।
भारतीय पक्ष ने बान को यह भी बताया कि भारत के पास यह दर्शाने के लिये ठोस सबूत हैं कि हमले की योजना पाकिस्तान में बनी और उसे अंजाम वहां स्थित तत्वों ने ही दिया। इस बारे में पाकिस्तान को दस्तावेज दिये जा चुके हैं। इस उम्मीद पर कि वह जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करेगा।