वाशिंगटन। अमरीका को निशाना बनाने के लिये अलकायदा द्वारा यमन में मजबूत शिविर बनाने की खबरों के बीच अमरीका ने इस आतंकवादी संगठन को अपने लिये बढ़ता खतरा बताया है।
यमन से संबंधित खबरों पर विस्तार से चर्चा किये बिना विदेश विभाग के प्रवक्ता राबर्ट वुड ने संवाददाताओं से कहा कि अलकायदा का आतंक खत्म करने के लिये अमरीका विश्व भर के अपने सहयोगी देशों के साथ काम कर रहा है। वुड ने कहा कि यह आसान नहीं है। अमरीका के लिये चुनौती बढ़ती जा रही है। उन्होंने बराक ओबामा के बयान को उद्धृत किया जिसमें उन्होंने कहा था कि इसका कोई विकल्प नहीं है बल्कि इस चुनौती का सामना करना है। प्रवक्ता ने कहा खतरे को खत्म करने के लिये हमें विश्व के अपने सहयोगियों एवं अन्य देशों के साथ निकटता से काम करने की आवश्यकता हैं। उन्होंने कहा कि अलकायदा की गतिविधियों की चिंता सिर्फ यमन में ही नहीं है बल्कि विश्व में कई स्थानों पर है।
उन्होंने कहा अलकायदा हमारे लिये कई स्थानों पर चिंता का विषय बना हुआ है। यह अब तक क्रियाशील है। यह अब भी अमरीका एवं इसके सहयोगियों के लिये खतरा बना हुआ है लेकिन हम अलकायदा पर लगाम कसने का काम जारी रखेंगे।