अटलांटा। अमरीकी तैराकी महासंघ ने रिकार्डधारी तैराक माइकल फेल्प्स पर तीन महीने का प्रतिबंध लगा दिया है जिनकी गांजा पीते हुए तस्वीर हाल ही में छपी थी।
अमरीकी तैराकी महासंघ ने तीन महीने के लिये फेल्प्स को आर्थिक सहयोग भी निलंबित कर दिया। महासंघ ने एक बयान में कहा डोपिंग निरोधक किसी नियम का उल्लंघन नहीं हुआ है लेकिन हम माइकल को कड़ा संदेश देना चाहते थे क्योंकि उसने कई लोगों को निराश किया है। खास तौर पर अमेरिका के उन उदीयमान तैराकों को जो उन्हें आदर्श मानते हैं। फेल्प्स ने बीजिंग ओलंपिक में रिकार्ड आठ स्वर्ण पदक जीते थे। इससे पहले केलोग्स कंपनी ने फेल्प्स के साथ अनुबंध का नवीनीकरण नहीं करने का ऐलान किया। उसने कहा कि फेल्प्स की इस हरकत से कंपनी की छवि खराब हुई है।