रांची टेस्ट : टीम इंडिया की पारी से जीत पक्की

Last Updated 22 Oct 2019 05:08:34 AM IST

जिसका अनुमान था वही हुआ। भारतीय बल्लेबाजों के बाद गेंदबाजों ने भी अपने दमदार प्रदर्शन से दक्षिण अफ्रीका की कमर तोड़ दी। भारत को अब तीसरे और अंतिम टेस्ट में जीत के लिए सिर्फ दो विकेट की जरूरत है।


रांची : दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ गेंदबाजी करते मोहम्मद शमी।

इस तरह दक्षिण अफ्रीका पर भारत का 3-0 से क्लीन स्वीप करना पक्का हो गया है। पहली पारी में मात्र 162 रन पर सिमटने के बाद फॉलोऑन खेल रही मेहमान टीम ने फिर 132 रन पर अपने आठ विकेट खो दिए हैं।
दक्षिण अफ्रीका फिलहाल 203 रन से पीछे है और उसके पास महज दो विकेट बचे हैं। मैच में अभी केवल तीन दिन ही हुए हैं, इसलिए मेहमान टीम को कोई चमत्कार ही हार से बचा सकती है। भारत ने अपनी पहली पारी नौ विकेट पर 497 रन बनाकर घोषित कर दी थी। भारत विशाखापत्तनम और पुणे में पहले दो टेस्ट जीतकर पहले ही सीरीज में 2-0 से आगे चल रहा है।
दक्षिण अफ्रीका को इस हालत में पहुंचाने में तेज गेंदबाजों मोहम्मद शमी और उमेश यादव ने मुख्य भूमिका निभाई। दोनों ने अब तक पूरे टेस्ट में 18 में से 10 विकेट हासिल लिए हैं। अन्य आठ विकेट जडेजा, अश्विन और शाहबाज नदीम ने लिए हैं। मैच के तीसरे दिन कुल मिलकर 16 विकेट गिरे। दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाजों को जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में न केवल स्पिन गेंदबाजों का खौफ सताता रहा बल्कि  तेज गेंदबाजों के सामने भी उनकी मुश्किलें सामने आती रहीं। दक्षिण अफ्रीका के लिए 55 साल के बाद यह पहला मौका होगा जब एक ही सीरीज में दो बार पारी की हार झेलनी पड़ेगी।

इससे पहले दक्षिण अफ्रीका ने दूसरे दिन के स्कोर दो विकट पर 24 रन से आगे खेलना शुरू किया, लेकिन उनके विकेट लगातार गिरते चले गए। शमी और उमेश यादव की पेस जोड़ी और नदीम, जडेजा व अश्विन की स्पिन तिकड़ी के आगे मेहमान टीम उखड़ गई। पहली पारी में उमेश यादव ने जहां तीन विकेट लिए वहीं शमी, नदीम और जडेजा ने दो-दो विकेट हासिल किए । दक्षिण अफ्रीका के लिए जुबैर हमजा ही कुछ समय तक टिके रहे। उन्होंने सर्वाधिक 62 रन का योगदान दिया। इसके अलावा जॉर्ज लिंडे ने 37 रन का योगदान किया। 355 रन की बढ़त लेने के बाद कप्तान कोहली ने दक्षिण अफ्रीका को फॉलोऑन के लिए कहा।
दक्षिण अफ्रीका की दूसरी पारी में भी शुरुआत अच्छी नहीं रही। ओपनर ¨क्वटन डिकाक (05) लगातार दूसरी पारी में नाकाम रहे। उन्होंने शमी की पारी की पहली गेंद पर चौके से खाता खोला लेकिन उमेश ने दूसरे ओवर की पहली गेंद पर उन्हें बोल्ड कर दिया। शमी ने इसके बाद पहली पारी के शीर्ष स्कोरर हमजा (00), कप्तान फाफ डुप्लेसिस (04) और तेंबा बावुमा (00) को पैवेलियन भेजकर दक्षिण अफ्रीका के मध्यक्रम को झकझोर दिया।
शमी ने बाहर की ओर मूव होती गेंद पर हमजा को बोल्ड किया जबकि डुप्लेसिस इस तेज गेंदबाज की अंदर की ओर आती नीची गेंद पर पगबाधा हुए। बावुमा ने शमी के अगले ओवर में विकेटकीपर साहा को कैच थमाया। अगले ओवर में उमेश की तीसरी गेंद ओपनर डीन एल्गर (16) के हेलमेट में लगी जिससे वह पिच पर ही गिर गए और अंपायरों ने उसी समय चाय का विश्राम लेने का फैसला किया। भारतीय गेंदबाजों ने पिच का बेहतर इस्तेमाल किया। चाय के समय तक मेहमान टीम ने केवल 26 रन पर चार विकेट खो दिए थे। 
इसके बाद के पहले घंटे में तीन और विकेट खोए। आधा घंटा ज्यादा खेल होने के बाद जब आठ विकेट गिरे तो तब फ्लड लाइट में कुछ समय का खेल बढ़ाया गया। लेकिन भारत को सफलता  नहीं मिली। जिसके बाद अंपायरों में खराब रोशनी के कारण अंत में खेल चौथे दिन के लिए टाल दिया। दूसरी पारी में भारत की ओर से नदीम, जडेजा और शमी ने विकेट चटकाए।

स्कोर बोर्ड

भारत (पहली पारी) -
(नौ विकेट पर 497 रन पारी घोषित)

दक्षिण अफ्रीका (पहली पारी) -
डीन एल्गर का. साहा बो. शमी     00
¨क्वटन डिकाक का. साहा बो. उमेश     04
जुबैर हमजा बो. रविंद्र जडेजा     62
फाफ डुप्लेसिस बो. उमेश     01
तेंबा बावुमा स्टंप साहा बो. नदीम     32
हेनरिक क्लासेन बो. रविंद्र जडेजा     06
जार्ज लिंडे का. रोहित बो. उमेश     37
डेन पीट पगबाधा बो. शमी     04
कागिसो रबादा रन आउट     00
एनरिच नोर्टजे पगबाधा बो. नदीम     04
लुंगी एनगिडी (नाबाद)    00
अतिरिक्त -    12
कुल -     162
विकेटपतन - 1/4, 2/8, 3/16, 4/107, 5/107, 6/119, 7/129, 8/130, 9/162
गेंदबाजी - शमी 10-4-22-2, उमेश 9-1-40-3, नदीम 11.2-4-22-2, जडेजा 14-3-19-2,  अश्विन 12-1-48-0

दक्षिण अफ्रीका (दूसरी पारी) -
(फालोऑन खेलते हुए)
क्विंटन डिकाक बो. उमेश     05
डीन एल्गर रिटार्यड हर्ट     16
जुबैर हमजा बो. शमी     00
फाफ डुप्लेसिस पगबाधा बो. शमी     04
तेंबा बावुमा का. साहा बो. शमी     00
हेनरिक क्लासेन पगबाधा बो. उमेश     05
जॉर्ज लिंडे रन आउट     27
डेन पीट बो. रविंद्र जडेजा     23
थ्यूनिस डि ब्रून (खेल रहे हैं)    30
कागिसो रबादा का. जडेजा बो. अश्विन     12
एनरिच नोर्टजे (खेल रहे हैं)     05
अतिरिक्त -     05
कुल - (आठ विकेट पर)     132
विकेटपतन - 1/5, 2/10, 3/18, 4/22, 5/36, 6/67, 7/98, 8/121
गेंदबाजी - मोहम्मद शमी 9-5-10-3, उमेश यादव 9-1-35-2, रविंद्र जडेजा 13-5-36-1, शाहबाज नदीम 5-0-18-0, रविचंद्रन अश्विन 10-3-28-1

मोहम्मद ईशा उद्दीन/सहारा न्यूज ब्यूरो
रांची


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment