
|
मैड्रिड। व्यापारिक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में भारत और स्पेन ने पर्यटन,कृषि एवं अक्षय ऊर्जा के क्षेत्र में तीन समझौतों पर हस्ताक्षर किए जिससे स्पैनिश प्रौद्योगिकी हस्तांतरण और निवेश के लिए मार्ग प्रशस्त होगा।
राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल और स्पेन के प्रधानमंत्री जोस लुई रोद्रिगेस जपातेरो की मौजूदगी में उक्त समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए।
भारत स्पेन से अक्षय ऊर्जा विशेषकर पवन एवं सौर ऊर्जा क्षेत्र में प्रौद्योगिकी हासिल करने का इच्छुक है। स्पेन अक्षय ऊर्जा के क्षेत्र में विश्व में अहम स्थान रखता है। विश्व का सबसे बड़ा फोटो वाल्टेइक सोलर सेल आधारित संयंत्र स्पेन में स्थित है।
पर्यटन के क्षेत्र में भारत अपने पर्यटन ढांचे को सुधारने के लिए स्पेन की मदद लेगा। इसके अलावा भारत स्पेन से अधिक से अधिक संख्या में पर्यटकों को आकर्षित करेगा।
वहीं कृषि के क्षेत्र में भारत खाद्य प्रसंस्करण प्रौद्योगिकी हासिल करने का इच्छुक है जिससे वह अपनी अधिशेष खाद्य वस्तुओं का प्रसंस्करण कर सके।
भारत को मित्र मानता है स्पेन:कार्लोस
स्पेन के लोकप्रिय राजा जुआन कार्लोस ने भारत-स्पेन संबंधों को निर्णायक रूप से आगे बढाने को निजी तौर पर अपनी प्रतिबद्धता जतायी और देश का दौरा कर रहीं राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल से कहा है आप मुझ पर भरोसा कर सकती है।
भारत के किसी राष्ट्राध्यक्ष का स्पेन का यह पहला दौरा है। राष्ट्रपति प्रतिभा का स्वागत करते हुए कार्लोस ने कहा आपका यह दौरा भारत को स्पेन के लोगों के दिल के और करीब ले आया है।
उन्होंने प्रतिभा पाटिल के सम्मान में आयोजित शाही रात्रिभोज में कहा स्पेन-भारत संबंधों को निर्णायक रूप से आगे ले जाने के लिये आप मुझ पर और मेरे प्रशासन पर भरोसा कर सकते हैं। यह एक ऐसा उद्देश्य है जिसकी अपेक्षा हम आपकी इस यात्रा से रखते है। इस मौके पर महारानी सोफिया और प्रतिभा पाटिल के पति देवी सिंह शेखावत भी मौजूद थे। कार्लोस ने कहा कि प्रतिभा की इस देश में मौजूदगी से स्पेन और भारत के बीच एकजुटता के साथ बढ़ती मित्रता रेखांकित होती है। भारत एक महान देश है और इसके प्रति हम आदर महसूस करते है। उन्होंने कहा कि भारत और स्पेन लोकतांत्रिक सिद्धांतों की रक्षा और अंतरराष्ट्रीय शांति तथा सहयोग के लिये समान रूप से मजबूत प्रतिबद्धता रखते हैं। आतंकवाद जैसी साझा चुनौतियों का संदर्भ देते हुए कार्लोस ने कहा कि भारत और स्पेन का कड़वा तजुर्बा हमारे बलों को एकजुट करने के काम आयेगा।
मुंबई के आतंकवादी हमलों को भयानक और क्रूर करार देते हुए तथा इसकी निंदा करते हुए उन्होंने कहा कि इससे आतंकवाद की बर्बरता खत्म करने और लोगों के मूल अधिकारों पर होने वाले प्रहार को रोकने के लिये बहुपक्षीय स्तर पर अधिक सहयोग के साथ काम करने की जरूरत रेखांकित होती है। कार्लोस की टिप्पणी पर गर्मजोशी से प्रतिक्रिया देते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि भारत और स्पेन के समक्ष आतंकवाद से लड़ने का समान उद्देश्य है।
प्रतिभा ने कहा हमारे नजरिये में आपसी सामंजस्य के क्षेत्र में आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई महत्वपूर्ण है। आतंकवाद वह समस्या है जिसका स्पेन और भारत सामना कर रहे हैं। मुंबई के आतंकवादी हमलों के बाद स्पेन का भारत के प्रति एकजुटता और समर्थन जताते हुए भेजा गया संदेश दिल को छू देने वाला और सह्म्दयता से भरा था। हम इसकी प्रशंसा करते है।
स्पेन की तीन दिवसीय यात्रा पर आयीं राष्ट्रपति ने द्विपक्षीय कारोबार के मुद्दे पर कहा कि भारत स्पेन के व्यापार और उद्योग जगत द्वारा दिखाई गयी दिलचस्पी का आदर करता है। राष्ट्रपति ने कहा भारतीय निवेशक भी स्पेन की ओर देख रहे हैं। इसी के साथ वे यह भी चाहते हैं कि भारत स्पेन के निवेशकों के लिये भी निवेश का पड़ाव बने।
उन्होंने कहा कि ऊर्जा के पुनर्नवीकरण कृषि और पर्यटन जैसे सहयोग के कई अन्य क्षेत्र ऐसे हैं जिनमें साझा लाभ के लिये काम किया जा सकता है।
प्रतिभा ने कहा कि भारत स्पेन को वर्ष 2010 के पूर्वार्ध में मिलने वाली यूरोपीय संघ की अध्यक्षता के प्रति आशान्वित है और उसे उम्मीद है कि इस अवधि के दौरान स्पेन के 27 सदस्यीय समूह में सामरिक भागीदारी अधिक मजबूत होगी। उन्होंने कहा भारत स्पेन को एक मित्र के तौर पर देखता है। हम दोस्ती के सेतु को मजबूत करना चाहते हैं। विभिन्न क्षेत्रों में हमारे संबंधों को आगे बढ़ाने की संभावना मौजूद है। यह समय हमारे देशों के बीच मौजूद ठोस संभावनाओं की पहचान करने का है। प्रतिभा ने स्पेन के शाही परिवार को अतिशीघ्र भारत आने का न्यौता दिया। कार्लोस और महारानी ने इससे पहले 1982 में भारत दौरा किया था।
स्पेन में योग आश्रमों की भूमिका को सराहा
भारत स्पेन सम्बन्धों में मानवीय तत्व का संचार करते हुए राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल ने संस्कृति से लगाव रखने वाले स्पेन के लोगों को अतुल्य भारत का एहसास कराने में यहां स्थापित 500 से ज्यादा योग आश्रमों की भूमिका की सराहना की है।
प्रतिभा ने अपने सम्मान में स्पेन के राजा जुआन कार्लोस और रानी सोफिया की ओर से कल दिये गए रात्रिभोज के मौके पर कहा भारत और स्पेन के आपसी सम्बन्ध कई मानदण्डों को पूरा करते हैं। इस संदर्भ में मानवीय तत्व विशेष रूप से महत्वपूर्ण है।
राष्ट्रपति ने कहा कि प्रभावशाली संख्या में स्पेन के पर्यटक हर साल भारत आते हैं। उन्होंने कहा ये सैलानी भारत की विविधता को स्पेन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण जरिया है। प्रतिभा ने कहा स्पेन में भारतीय संस्कृति के विविध पहलुओं को स्वीकार करने की मैत्रीपूर्ण भावना दिल को छू लेती है। इस भावना के वाहकों में स्पेन में स्थापित 500 से ज्यादा योग आश्रम भी शामिल हैं जो जीवन के प्रति भारत के दर्शन और स्वस्थ अस्तित्व का बोध कराते है। उन्होंने कहा दोनों देशों के युवाओं तथा छात्रों को एक दूसरे से सम्पर्क करने के अवसर मिलने चाहिये। साथ ही हमारे विश्वविद्यालयों को परस्पर लाभकारी कार्यक्रमों के आदान-प्रदान को बढ़ावा देना चाहिए।