मेयर पद के लिए महासंग्राम

Last Updated 07 Jan 2023 01:37:10 PM IST

दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) चुनाव के बाद ऐसा प्रतीत हो रहा था कि मेयर और उप मेयर का चुनाव भी शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो जाएगा। मगर ऐसा सोचने वालों को निराशा ही हाथ लगी है।


मेयर पद के लिए महासंग्राम

शुक्रवार को मेयर और डिप्टी मेयर के लिए होने वाले चुनाव से पहले जिस तरह का आचरण भाजपा और आम आदमी पार्टी की ओर से किया गया, वह लंबे वक्त तक राजनीतिकों के स्याह पक्ष की याद दिलाता रहेगा। दोनों पार्टियों के माननीय सदस्यों के बीच हाथापाई, मारपीट और हंगामे के चलते कई सवाल भी खड़े हो गए हैं।

मसलन; चुनाव की प्रक्रिया इतनी जटिल क्यों बनाई गई कि सत्ता पक्ष में इसे लेकर भ्रम फैला, आखिर एल्डरमैन (मनोनीत सदस्यों) को इतनी जल्दबाजी में शपथ दिलाने की क्या वजह थी आदि। दरअसल, निगम चुनाव में अपनी हार के बाद से भाजपा के अंदर इस बात की टीस थी कि अब वर्षो से निगम में कायम उसकी सत्ता खत्म हो गई है।

सत्ता को किसी भी हद तक बरकरार रखने की चाह ही राजनीतिक पार्टियों से कभी-कभी गलत निर्णय करा देती है। भाजपा के साथ भी कुछ ऐसा ही होता दिखता है। कायदे से 250 सदस्यीय निगम में आम आदमी पार्टी के पास स्पष्ट बहुमत है। लिहाजा मेयर और डिप्टी मेयर भी नियमत: उसी का होना चाहिए। अलबत्ता, यह तर्क भी अपनी जगह है कि राजनीति में रास्ते हमेशा सीधे नहीं होते हैं, यह हमेशा रपटीले होते हैं। सदन में इस तरह का व्यवहार निंदनीय तो है ही साथ में शर्मनाक भी है।

पूरे देश की जनता ने उन दो पार्टियों के सदस्यों का आचरण देखा, जिनकी धमक से आज हर कोई वाकिफ है। भाजपा जहां केंद्र की सत्ता के साथ देश के 10 से ज्यादा राज्यों में सत्ता का संचालन कर रही है, वहीं आम आदमी पार्टी हाल के वर्षो में देश की जनता के बीच अपनी अलहदा तरह की कार्यशैली की वजह से सुर्खियों में है। फिलहाल, सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी गई है मगर यक्ष प्रश्न यही कि क्या यह मसला भी अब सदन के बजाय अदालत की चौखट तक पहुंचेगी?

निश्चित तौर पर यह कृत्य लोकतंत्र के लिए बेहद दुखदायी है। चुनाव में हार-जीत अपनी जगह हैं, लेकिन साम-दाम-दंड-भेद अपना कर सत्ता की लगाम अपने हाथ में रखने की जिद न केवल उस जनता का अपमान है, जिसने एमसीडी में सत्ता बदलने के लिए मतदान किया बल्कि विश्व के सबसे बड़े लोकतांत्रिक देश होने के हमारे दावे को भी सशंकित करता है।



Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment