एग्जिट पोल के मायने

Last Updated 10 Dec 2018 05:57:10 AM IST

पांच राज्यों की विधानसभा चुनावों की मतगणना में मात्र एक दिन रह गए हैं। लेकिन इस बीच एग्जिट पोल ने जो नतीजे दिखाए हैं, वे कांग्रेस को उत्साहित और भाजपा के बड़बोलेपन को धराशाई करने वाले हैं।


एग्जिट पोल के मायने

यह और बात है कि एग्जिट पोल के नतीजे हमेशा एकदम सटीक नहीं होते लेकिन मतगणना के पहले प्रत्याशियों के दिलों की धड़कनें अवश्य बढ़ा देती हैं। जिन पांच राज्यों में चुनाव हुए हैं, उनकी सामाजिक और सांस्कृतिक स्थितियां अलग-अलग हैं। मगर आर्थिक स्तर पर इनमें समानता है। पांचों राज्य आर्थिक रूप से पिछड़े और गरीब हैं। राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, मिजोरम और तेलंगाना की लोक संस्कृति काफी समृद्ध है और देश-विदेश में इसकी धूम है।

मिजोरम पूर्वोत्तर का राज्य है, जो आज भी मुख्यधारा में शामिल होने के लिए हाथ-पैर मार रहा है। मुख्यधारा की मीडिया भी पूर्वोत्तर के राज्यों को महत्त्व नहीं देता यही कारण है कि मिजोरम विधानसभा के चुनाव की खबरें मुख्यधारा की मीडिया में सिंगल कॉलम में छपती रही। इन पांच राज्यों के एग्जिट पोल को सही मानकर चलें तो राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ में भाजपा के हाथों की सत्ता छिन रही है और कांग्रेस की वापसी हो रही है। राजस्थान में शुरू से भाजपा की स्थिति अच्छी नहीं थी।

प्रत्याशियों को टिकट देने के मसले पर पार्टी अध्यक्ष अमित शाह और मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के बीच मतभेद खुलकर सामने आ गए थे। यहां साफ तौर पर द्विदलीय व्यवस्था है। कांग्रेस और भाजपा के बीच सत्ता संघर्ष रहता है। इस बार कांग्रेस के सत्ता में वापसी की बारी है। एग्जिट पोल यही इशारा कर रहा है। चुनाव प्रचार के दौरान यह भी कहा जा रहा था कि आम मतदाता वसुंधरा सरकार के कामकाज से संतुष्ट नहीं है। भाजपा को तीन एग्जिट पोल में बढ़त मिली है तो कांग्रेस को चार में।

हालांकि मुख्यमंत्री चौहान ने दावा किया है कि मैं सबसे बड़ा सव्रेयर हूं और चौथी बार हमारी सरकार बनेगी। उनके इस दावे में आत्मविश्वास कम और उत्साह ज्यादा दिखाई दे रहा है। छत्तीसगढ़ में त्रिशंकु विधानसभा का उभार हो सकता है। तेलंगाना में केसीआर की जीत सुनिश्चित दिखाई दे रही है। मिजोरम में कांग्रेस की वापसी मुश्किल लग रही है। 11 दिसम्बर को जो नतीजे आएंगे, वह भाजपा और कांग्रेस के लिए निर्णायक होंगे साथ ही  2019 के आम चुनाव का सियासी रुख भी तय करेंगे।



Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment