Lok Sabha Election 2024 : प्रचार के लिए भ्रम फैला रही है कांग्रेस, बोले ठाकुर

Last Updated 02 May 2024 08:28:22 AM IST

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि उसके शासन में आपातकाल लगाकर लोकतंत्र को खत्म कर दिया गया था और अब वह अपने प्रचार के लिए भ्रम, अफवाह, ‘डीपफेक’ और अन्य सभी प्रकार के हथकंडे अपना रही है।


केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर

उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पार्टी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कर्नाटक सरकार ने कथित अश्लील वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर आने के मामले में आरोपी नेता प्रज्ज्वल रेवन्ना को गिरफ्तार करने के लिए कार्रवाई क्यों नहीं की?

लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा के कुछ उम्मीदवारों के नामांकन सहित कई कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए उत्तर प्रदेश आए ठाकुर ने लखनऊ हवाई अड्डे पर कहा, ‘कांग्रेस के शासन में ही आपातकाल लगाकर लोकतंत्र खत्म कर दिया गया था।’

केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री ने कहा, ‘कांग्रेस भ्रम, अफवाह, डीपफेक और सभी प्रकार के हथकंडे अपना रही है। जिस तरह विदेशी ताकतें किसी भी देश को अस्थिर करने की कोशिश करती हैं, उसी तरह कांग्रेस अपने प्रचार के लिए सभी प्रकार के हथकंडे अपना रही है।’

ठाकुर ने कहा, ‘वे (कांग्रेस) लगातार झूठ बोलते रहे हैं। वे कहते हैं कि आरक्षण खत्म हो जाएगा, लोकतंत्र खत्म हो जाएगा। सच तो यह है कि मोदी सरकार ने 10 साल तक शासन किया, आरक्षण की कोई बात नहीं हुई। मोदी राज में यह कभी खत्म नहीं होगा। हमने अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी) और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) को अधिकार दिए हैं, दूसरी तरफ कांग्रेस ने उनके अधिकार छीन लिए हैं।’ 

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासित राज्यों में आरक्षण खतरे में है, चाहे वह आंध्र प्रदेश हो, कर्नाटक हो या तेलंगाना। ठाकुर ने कहा, ‘कांग्रेस ने डॉक्टर भीमराव आंबेडकर को अपमानित और परेशान किया। नरेन्द्र मोदी के शासन में ही संविधान दिवस मनाया गया और ‘पंच तीर्थ’ बनाए गए। ‘सबका साथ सबका विकास’ हमारा नारा है।’ उन्होंने कहा कि इस बार उत्तर प्रदेश के लोग नया रिकॉर्ड बनाएंगे और ’400 पार’ के लक्ष्य को हासिल करने में अहम भूमिका निभाएंगे।

केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘चाहे 2014 हो या 2019, उत्तर प्रदेश की भूमिका हमेशा रही है। हमें मोदी सरकार की उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाना है।’ समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, ‘दो शहजादे पहले भी एक साथ आए थे। अब वे नए प्रिंट में आए हैं.. लेकिन वे ज्यादा कुछ नहीं कर पाएंगे।’

भाषा
लखनऊ


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment